सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतर प्रयास और अच्छे संस्कारों से प्राप्त होती है : के. के. सरन, प्रधानाचार्य
आजमगढ़। जहानागंज क्षेत्र के धनहुंआ स्थित एसकेडी विद्या मंदिर में शनिवार एवं रविवार को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ वार्षिक परिणाम वितरण एवं ग्रेजुएशन समारोह का आयोजन किया गया। परीक्षाफल पाकर छात्र फूले नहीं समा रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य केके सरन द्वारा देवी सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों को उनके वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरित किए गए। विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष के अपने परिश्रम, लगन और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सराहनीय परिणाम प्राप्त किए। इस अवसर पर आयोजित ग्रेजुएशन समारोह कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा, जिसने विद्यार्थियों के जीवन में एक नए चरण की शुरुआत का संदेश दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में टॉपर विद्यार्थियों को विद्यालय के आदरणीय प्रधानाचार्य द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य के. के. सरन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतर प्रयास और अच्छे संस्कारों से प्राप्त होती है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी लगन से उन्हें प्राप्त करने का प्रयास करें।” उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उपप्रधानाचार्य योगेश अस्थाना ने भी अपने विचारों को रखा। विद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग और मार्गदर्शन की भी सराहना की गई, जिनकी बदौलत विद्यार्थियों ने यह सफलता प्राप्त की। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ, जिससे सभी विद्यार्थी आगामी सत्र के लिए प्रेरित हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।








