आज़मगढ़ : पानी की टंकी पर चढ़ा मजदूर, तीन घंटे बाद समझाइश से उतरा

Youth India Times
By -
0





नौकरी छूटने की आशंका से आक्रोशित हुआ युवक, पुलिस व ग्रामीणों के प्रयास से टला बड़ा हादसा
रिपोर्ट : आरपी सिंह
फूलपुर (आज़मगढ़)। स्थानीय ब्लॉक व थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हथिनौरा शनिवार को उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब एक व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगा। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद मामला शांत कराया जा सका। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में जल जीवन मिशन “हर घर जल” योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सामग्री की सुरक्षा के लिए गांव निवासी कमलेश यादव (44) पुत्र राम दवर यादव को रखवाली की जिम्मेदारी दी गई थी। कार्य समाप्त होने के बाद ठेकेदार ने ग्राम प्रधान कुंजन व उनके प्रतिनिधि सुग्रीव से रखरखाव के लिए किसी अन्य व्यक्ति को रखने की बात कही। इस बीच कमलेश यादव को आशंका हो गई कि उसे काम से हटा दिया जाएगा। शनिवार सुबह वह फूलपुर ब्लॉक और जल जीवन मिशन के कर्मचारियों से मिला, लेकिन उसके बाद सीधे गांव स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया और ऐलान करने लगा कि यदि उसे हटाया गया तो वह कूदकर जान दे देगा। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुग्रीव, थाना फूलपुर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगा राम बिंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कमलेश को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब साढ़े आठ बजे सुबह से साढ़े ग्यारह बजे तक चले प्रयास के बाद, प्रधान प्रतिनिधि द्वारा आश्वासन दिए जाने पर कमलेश यादव टंकी से नीचे उतर आया। इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर मौजूद रही। थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव ने बताया कि वह स्वयं मौके पर नहीं पहुंच सके थे, लेकिन एसएसआई टीम के साथ मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा काम से हटाए जाने की बात से नाराज होकर कमलेश ने यह कदम उठाया था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)