आजमगढ़ : पति ने 13 साल साथ रहने के बाद की दूसरी शादी

Youth India Times
By -
0

 






12 वर्षीय बेटी संग घर के बाहर बैठी पीड़िता, लगाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट : विशाल कुमार
आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला अब न्याय की गुहार लगाते हुए दर-दर भटकने को मजबूर है। मामला थाना क्षेत्र के मठगोविंद गांव का है। यहां के निवासी जितेंद्र कनौजिया रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहते थे। वहीं उनकी मुलाकात भोपाल निवासी रानी लोधी से हुई, जो पहले से विधवा थीं। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया और बाद में मंदिर में विवाह कर लिया। महिला के अनुसार, वह करीब 12-13 वर्षों तक जितेंद्र के साथ पत्नी के रूप में रही। आरोप है कि बीते मई माह में जितेंद्र गांव लौट आया और बिना जानकारी दिए दूसरी शादी कर ली। जब इस बात की जानकारी रानी लोधी को हुई तो वह सीधे मठगोविंद गांव पहुंच गई। वहां पहुंचने पर युवक के परिजनों ने उसे घर से भगाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी तो परिवार वाले घर में ताला लगाकर फरार हो गए। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले छह दिनों से अपने पति के घर के बाहर ही 12 वर्षीय पुत्री के साथ रह रही है। उसके पास मौजूद पैसे खत्म हो चुके हैं और वह किसी तरह गुजारा कर रही है। उसने डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि थाने पर उससे कार्रवाई के नाम पर पैसे की मांग की गई, जबकि वह खुद आर्थिक तंगी से जूझ रही है। पीड़िता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अब वह न्याय के लिए अधिकारियों की ओर देख रही है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गर्म है। अब देखना होगा कि पुलिस के उच्चाधिकारी इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं और पीड़िता को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)