आजमगढ़ : हत्या की सूचना से मचा हड़कंप, परिजनों की बात ने पुलिस को किया हैरान

Youth India Times
By -
0





पोस्टमार्टम से किया इंकार, भाई से विवाद की चर्चा के बीच पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मंगलवार सुबह हत्या की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन परिजनों ने मौत को हार्ट अटैक का परिणाम बताया। जानकारी के अनुसार, पनकरपुर (शाहपुर) गांव निवासी 62 वर्षीय जगरोपन यादव अपने घर पर थे। सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि दो भाइयों के बीच विवाद में एक की हत्या कर दी गई है। इस पर थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की पूछताछ में मृतक की पत्नी कुमारी देवी ने बताया कि उनके पति को पहले से ही हृदय संबंधी बीमारी थी और मंगलवार सुबह नहाते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से भी साफ इनकार कर दिया। हालांकि गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बताया जा रहा है कि सुबह मृतक का अपने भाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह वापस लौट गया। लेकिन इस संबंध में कोई भी व्यक्ति खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लगी रही। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और बाहर रह रहे मृतक के पुत्रों के आने का इंतजार किया जा रहा है। मृतक जगरोपन यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। वह खेती-किसानी के साथ ही वन विभाग में दिहाड़ी मजदूर के रूप में पौधारोपण व देखरेख का कार्य करते थे। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि सुबह हत्या की सूचना मिली थी, लेकिन परिजन इसे हार्ट अटैक से हुई मौत बता रहे हैं। पोस्टमार्टम के लिए कहा गया, परंतु परिजनों ने मना कर दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)