51 नवाचारपूर्ण मॉडलों ने मोहा मन, छात्राओं ने दिखाया आत्मविश्वास और वैज्ञानिक सोच
मुख्य अतिथि शैलेन्द्र अग्रवाल ने सराहा प्रयास, प्रबंधन ने दिया नवाचार को बढ़ावा देने का संदेश
आजमगढ़। आज़मगढ़ के सिधारी स्थित SNRD पब्लिक स्कूल में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं की प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मकता का शानदार संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शैलेन्द्र अग्रवाल तथा विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश तिवारी द्वारा फीता काटकर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में विद्यालय की छात्राओं ने विज्ञान और कला से जुड़े 51 आकर्षक एवं नवाचारपूर्ण मॉडलों की प्रस्तुति देकर सभी को प्रभावित किया। इस आयोजन ने विद्यालय के शैक्षिक स्तर, रचनात्मक वातावरण और प्रयोगात्मक शिक्षा से जुड़ाव की उत्कृष्ट व्यवस्था को भी उजागर किया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने छात्राओं के आत्मविश्वास, प्रस्तुति कौशल और विषय की गहरी समझ की खुलकर सराहना की। प्रदर्शनी में छात्राओं ने ड्रिप इरिगेशन, डायनमो वर्किंग मॉडल, चंद्रयान-3, श्वसन तंत्र, जल चक्र, पाइथागोरस प्रमेय मॉडल, ज्यामिति पार्क, लिप्पन आर्ट, मंडाला आर्ट, विंड मिल मॉडल, ऑटोमैटिक वॉटर डिस्पेंसर, सोलर कुकर तथा सौर ऊर्जा सिंचाई जैसे मॉडल प्रस्तुत किए। छात्राओं ने अपने-अपने मॉडलों के माध्यम से यह समझाया कि इन तकनीकों का उपयोग दैनिक जीवन और पर्यावरण संरक्षण में किस प्रकार सहायक हो सकता है। कई छात्राओं ने वैज्ञानिक सिद्धांत, कार्यप्रणाली और उपयोगिता को सरल भाषा में प्रस्तुत कर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अतिथियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी उन्होंने सटीक एवं स्पष्ट उत्तर दिया। विद्यालय निदेशक शिवम् तिवारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर परिश्रम और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप गुप्ता सहित जनार्दन गौतम, साहब जाँ, विनय गिरी, हर्षदीप, रचित, सागर, अब्दुल मन्नान, सविता, समीरा, सुनीता, डीपी, निशा, उजमा, स्वेता, सुजाता, नेहा, प्रदीप, मुकेश श्रवण एवं राकेश यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।




