बुखार से पीड़ित था जवान, निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज, मृतक आश्रित कोटे से पुलिस विभाग में हुई थी नियुक्ति
आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के बेनूपुर गांव निवासी सिपाही की रविवार सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। जवान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 33 वर्षीय अभिलाष सिंह उर्फ बंटी पुत्र उदयराज सिंह के रूप में हुई है। अभिलाष वर्तमान में बलिया पुलिस लाइन में सिपाही के पद पर तैनात थे। उनके पिता उदयराज सिंह पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत थे, जिनके निधन के बाद अभिलाष को मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। परिजनों के अनुसार अभिलाष पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे और बलिया में ही दवा-इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर छह फरवरी को छुट्टी लेकर घर आए थे, जहां खरिहानी स्थित एक निजी अस्पताल में परिजनों ने उन्हें भर्ती कराया। रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अभिलाष दो बहनों में इकलौते भाई थे। उनकी असमय मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।




