आजमगढ़ : एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली ने विधान परिषद में उठाए जनहित के मुद्दे, सड़क सुरक्षा और विकास कार्यों पर दिया जोर

Youth India Times
By -
0




पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बढ़ते हादसों पर चिंता, पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की मांग

मुबारकपुर–जीयनपुर सड़क चौड़ीकरण और रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव
आजमगढ़। शाह आलम गुड्डू जमाली एमएलसी, समाजवादी पार्टी तथा पूर्व विधायक मुबारकपुर ने विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर संशोधन प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए जनपद से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाया। उन्होंने सरकार से क्षेत्रीय समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। सबसे पहले उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आए दिन हो रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। एक्सप्रेसवे पर बेहतर निगरानी व्यवस्था, पर्याप्त संकेतक, स्पीड कंट्रोल सिस्टम तथा त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। एमएलसी ने जहानागंज से सठियांव–मुबारकपुर होते हुए जीयनपुर तक सड़क चौड़ीकरण की मांग भी रखी। उनका कहना था कि वर्तमान सड़क संकरी होने के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाएं होती हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अतिरिक्त विधानसभा दीदारगंज क्षेत्र के नोनारी से दुबावां होते हुए बखरां सरहद तक सड़क निर्माण तथा सरायमीर–दीदारगंज संपर्क मार्ग से हैदराबाद बाजार होते हुए बखरां तक नई सड़क निर्माण की आवश्यकता भी सदन में प्रमुखता से उठाई। उन्होंने मुबारकपुर रोडवेज से अतिरिक्त बसों के संचालन की मांग करते हुए कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुपात में बसों की उपलब्धता नहीं है, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। नियमित और अतिरिक्त बस सेवा शुरू किए जाने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने सरकार द्वारा प्रस्तुत 9 लाख करोड़ रुपये के बजट को जनता को भ्रमित करने वाला बताते हुए कहा कि बजट में जमीनी स्तर की समस्याओं के समाधान पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने सरकार से जनपद आजमगढ़ सहित पूर्वांचल के विकास से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)