खेल प्रतिभाओं को स्वर्ण-रजत पदक व ट्रॉफी से किया गया सम्मानित
आज का युवा ही राष्ट्र का भावी कर्णधार : गौरव अग्रवाल, प्रबंधक
आजमगढ़। करतालपुर स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में आयोजित वार्षिक क्रीड़ा महोत्सव के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने के लिए 12 एवं 13 फरवरी 2026 को द्विवसीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल, प्रबंधक गौरव अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे के स्वागत के साथ हुआ। समारोह के प्रथम दिवस पर प्राइमरी वर्ग के नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यालय के कार्यकारी निदेशक श्री श्रीश अग्रवाल द्वारा पुरस्कृत किया गया। द्वितीय दिवस पर जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों को अलग-अलग प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। ट्रैक इवेंट्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में बालक एवं बालिका वर्ग के विजयी प्रतिभागियों को स्वर्ण एवं रजत पदक प्रदान किए गए। फील्ड इवेंट्स में शॉट पुट एवं लंबी कूद प्रतियोगिता के विजेताओं को विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने पुरस्कृत किया। सीनियर वर्ग में रिले रेस, रस्साकशी, 100, 200, 400 एवं 800 मीटर दौड़, शॉट पुट, लंबी कूद, ऊंची कूद तथा भाला फेंक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह के समापन अवसर पर निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन एवं टीम भावना का संदेश दिया। प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि आज का युवा ही राष्ट्र का भावी कर्णधार है, इसलिए उसे अपनी फिटनेस और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को छोटी-छोटी बातों में उलझने के बजाय अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी तथा आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पुरस्कार दिवस केवल ट्रॉफी और पदक देने का अवसर नहीं, बल्कि समर्पण, अनुशासन, परिश्रम और खेल भावना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि खेल हमें जीत के साथ-साथ हार को स्वीकार कर उससे सीखने की भी प्रेरणा देते हैं। प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने सभी विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।





