शेष धनराशि जारी करने की मांग, पुलिया और चार लघु सेतुओं का निर्माण पूरा होने से हजारों लोगों को मिलेगी राहत
आजमगढ़। जनहित को ध्यान में रखते हुए महुला गढ़वल बांध से संबंधित दो अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी आजमगढ़ ने राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को पत्र प्रेषित किया है। इन कार्यों के अधूरे रहने से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने अपने पत्र में बताया है कि स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से महुला गढ़वल बांध पर दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को पूरा कराने की मांग की जा रही है। इनमें पहला कार्य चिकनहवा ढाला से नयापुरवा तक पुलिया निर्माण एवं खड़ंजा निर्माण का है। इस कार्य के लिए कुल 64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिसके सापेक्ष 41.60 लाख रुपये ही अवमुक्त हुए। शेष धनराशि नहीं मिलने के कारण कार्य अधूरा पड़ा है। वहीं, दूसरा कार्य महुला गढ़वल बांध से कुढ़की ढाला होते हुए शंकरपुर बाजार तक चार लघु सेतुओं के निर्माण, मिट्टी एवं खड़ंजा निर्माण से संबंधित है। इस कार्य के लिए 207.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिसके सापेक्ष 134.87 लाख रुपये ही जारी किए गए। शेष धनराशि के अभाव में यह कार्य भी पूरा नहीं हो सका है। इस संबंध में कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड आजमगढ़ के अधिशासी अभियंता ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि दोनों निर्माण कार्यों के लिए आपदा राहत निधि से धनराशि सचिव, राजस्व एवं राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा स्वीकृत की गई थी। हालांकि, किन्हीं कारणों से पूरी स्वीकृत धनराशि प्राप्त नहीं हो सकी, जिसके चलते निर्माण कार्य अधूरे रह गए। जिलाधिकारी ने राहत आयुक्त से दोनों निर्माण कार्यों की स्थिति का परीक्षण कराते हुए शेष धनराशि उपलब्ध कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इन दोनों कार्यों के पूर्ण होने से महुला गढ़वल बांध के आसपास रहने वाले बड़ी संख्या में ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सकेगा।

