![]() |
| वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार |
पक्षपातपूर्ण कार्रवाई, निजी एवं आर्थिक लाभ को प्राथमिकता देने और कर्तव्यों में लापरवाही के आरोप
आजमगढ़। जनपद में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामलों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। थाना मुबारकपुर की कस्बा चौकी पर तैनात एक उपनिरीक्षक समेत आठ आरक्षियों को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी के विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ पक्षपातपूर्ण एवं शोषणपूर्ण कार्रवाई करने, राजकीय कर्तव्यों के बजाय निजी और आर्थिक लाभ को प्राथमिकता देने तथा पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही बरतने के आरोप सामने आए थे। उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा पर एक आवेदिका के प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने और राजकीय कर्तव्यों के विपरीत कार्य करने के आरोप हैं। इसके अलावा चौकी के समीप अवैध पटाखा भंडारण की जानकारी नहीं होने तथा कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने का मामला भी सामने आया है। वहीं, निलंबित आठ आरक्षियों पर पक्षपातपूर्ण एवं शोषणपूर्ण कार्रवाई करने, निजी और आर्थिक लाभ को प्राथमिकता देने, अवैध पटाखा भंडारण की जानकारी नहीं रखने तथा स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता बरतने के आरोप लगाए गए हैं। निलंबित पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा के अलावा आरक्षी हरेन्द्र कुमार सिंह, विनय यादव, कुलदीप सरोज, सत्येन्द्र कुमार यादव, शैलेन्द्र कुमार, मुकुन्द लाल मिश्रा, मुशाहिद रजा और सुजीत यादव शामिल हैं।

