पूर्व मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, जिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन, जांच कर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। जनपद में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। अंशु कुमार पुत्र शिवलोचन निवासी बड़ौरा खुर्द, पोस्ट बड़ौरा बुजुर्ग, थाना जहानागंज सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार 11 फरवरी को फेसबुक पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें बिरहा गायिका रूचि यादव द्वारा होली गीत के माध्यम से मायावती पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी की गई है। प्रार्थियों का आरोप है कि इस टिप्पणी से समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं और उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में कहा गया है कि मायावती एक सम्मानित एवं लोकप्रिय नेता रही हैं, जिन्होंने सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में सार्वजनिक मंच या सोशल मीडिया के माध्यम से की गई इस प्रकार की टिप्पणी न केवल उनकी छवि को धूमिल करती है, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य भी कर सकती है। प्रार्थीगण ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन देने वालों में गुन्दन, रामनरेश, मारकण्डेय, बृजेश कुमार, विद्यासागर, अस्मित कुमार, विनीत कुमार और आलोक कुमार सहित अन्य लोग शामिल रहे।




