आजमगढ़ : त्योहारों को लेकर आजमगढ़ पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने किया पैदल गश्त

Youth India Times
By -
0
116 स्थानों पर सघन चेकिंग, 2,476 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच; 778 वाहनों का चालान और दो वाहन सीज, 600 से 700 पुलिसकर्मी निगरानी में तैनात
आजमगढ़। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार, 5 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने आमजन और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया तथा सभी से आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
एसएसपी के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले एवं पूर्व से चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को जिले के 116 चिन्हित स्थानों पर चेकिंग करते हुए 2,476 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन एवं अन्य अनियमितताओं के चलते 778 वाहनों का चालान किया गया तथा दो वाहनों को सीज किया गया।
पेशेवर एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। इसके तहत लगभग 600 से 700 पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों एवं वर्दी में निगरानी के लिए सक्रिय किया गया है। पुलिस टीमें लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से पुलिस आमजन के साथ संवाद और समन्वय स्थापित कर रही है, ताकि जनपद में आपसी भाईचारा एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी नागरिकों को आगामी त्योहारों की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी लोग त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)