प्रदेश संयोजक खेलकूद प्रकोष्ठ एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनने के बाद प्रथम आगमन पर जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सूरज प्रकाश श्रीवास्तव को प्रदेश संयोजक, खेलकूद प्रकोष्ठ एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने के बाद पहली बार आजमगढ़ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। उनके स्वागत में शहर से लेकर विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों तक कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सूरज प्रकाश श्रीवास्तव के आगमन पर फुलवरिया टोल प्लाजा, सेहदा टोल प्लाजा, सेहदा ओवरब्रिज, भंवरनाथ, करतालपुर और बावली मोड़ सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कलेक्ट्रेट चौराहा और चर्च चौराहे पर भी उनका अभिनंदन हुआ। यहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। वहीं प्राइवेट बस स्टैंड नरौली में भी समर्थकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश सह-संयोजक, संकुल प्रकोष्ठ मिथिलेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने कहा कि सूरज प्रकाश श्रीवास्तव को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और पार्टी के प्रति निष्ठा का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि खेलकूद प्रकोष्ठ के माध्यम से वे युवाओं एवं खिलाड़ियों को संगठन से जोड़ने के साथ ही प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विशिष्ट अतिथि मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि सूरज प्रकाश श्रीवास्तव का संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ उनका जुड़ाव हमेशा प्रेरणादायी रहा है। उन्हें मिली नई जिम्मेदारी से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
अपने संबोधन में नवनियुक्त प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने पार्टी नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। खेलकूद प्रकोष्ठ के माध्यम से युवाओं की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा आजमगढ़ सहित पूरे प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अजय यादव, शैलेन्द्र नाथ यादव, नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रकाश राय पिंटू, सुधीर राय, राकेश सिंह, रजनीश श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, राज सिंह, मन्नू कुमार, अग्निवेश राय, पल्लव श्रीवास्तव, विवेक सिंह, अरुण श्रीवास्तव, सिद्धार्थ, विवेक चौबे, शुभांक, हर्ष श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह, सोनू यादव, मोहम्मद शाहिल, अंकित राय और आनंद कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

