नशीला पदार्थ मिली कोल्डड्रिंक पिलाकर बेहोशी की हालत में छोड़कर भागी प्रेमिका
फिरोजाबाद। प्रेमिका के कहने पर पत्नी को तलाक देना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक द्वारा शादी का दबाव बनाने पर प्रेमिका ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसे नशीला पदार्थ मिली कोल्डड्रिंक पिला दी और बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। मामले में पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एटा चौराहा निवासी अजीत सिंह की शादी 20 मई 2022 को शिकोहाबाद की आवास विकास कॉलोनी निवासी दीपाली के साथ हुई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र स्थित मिर्जापुर निवासी और स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत नेहा राजपूत से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि नेहा के कहने पर अजीत सिंह ने 2 अप्रैल 2025 को अपनी पत्नी दीपाली को तलाक दे दिया। इस दौरान नेहा ने उससे 50 हजार रुपये भी उधार लिए थे। पत्नी को तलाक देने के बाद जब अजीत ने नेहा पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह कथित तौर पर शादी से मुकरने लगी। पीड़ित के मुताबिक, 14 अप्रैल 2026 को नेहा अपने परिजनों के साथ बालाजी मंदिर पहुंची, जहां अजीत की उससे मुलाकात हुई। आरोप है कि इस दौरान उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद आरोपी उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए। मामले में अजीत सिंह ने न्यायालय के आदेश पर नेहा राजपूत, उसकी मां सीमा देवी, बहन आकांक्षा, बुआ मंजू और कमलेश निवासी शिकोहाबाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में सीओ जयबिंद गुप्ता ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

