किराये के मकानों में छिपाकर रखा गया था पटाखों का जखीरा, पुलिस ने 5.47 लाख रुपये के पटाखे किए जब्त
आजमगढ़। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतरौलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कस्बे में अलग-अलग स्थानों पर किराये के मकानों में छापेमारी कर 672 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 47 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि कस्बा अतरौलिया में किराये के मकानों में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने सम्मो माता मंदिर के पास स्थित एक मकान में छापेमारी की। यहां किरायेदार विरेन्द्र कुमार गुप्ता के कमरे से 24 गत्तों में रखे 325 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब 2 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने आरोपी को दोपहर करीब 2:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पटेल तिराहे के पास मिस्त्री चाचा के मकान में छापेमारी की गई। यहां किरायेदार प्रवीण गुप्ता उर्फ पिन्टू के कमरे से 10 बोरियों और 9 गत्तों में रखे 347 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 82 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने दूसरे आरोपी को शाम करीब 4:20 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9ख के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विरेन्द्र कुमार गुप्ता (42) और प्रवीण गुप्ता उर्फ पिन्टू (36), निवासी वार्ड नंबर-09, कस्बा अतरौलिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रवीण गुप्ता का पूर्व में भी विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, हालांकि इस मामले में उसे 16 फरवरी 2022 को न्यायालय से दोषमुक्त किया जा चुका है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। कार्रवाई थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दूबे के नेतृत्व में अतरौलिया पुलिस टीम ने की।

