आजमगढ़ : नगर पंचायत अध्यक्ष से मांगी दो लाख की रंगदारी, न देने पर दी हत्या की धमकी

Youth India Times
By -
0
सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे चेयरमैन, प्रतिनिधि की सतर्कता से भागे आरोपी
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में नगर पंचायत बूढ़नपुर के चेयरमैन मंशा राम से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। चेयरमैन की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, नगर पंचायत बूढ़नपुर के चेयरमैन मंशा राम पुत्र स्वर्गीय रामअवतार 22 अक्टूबर 2026 को वार्ड नंबर 13 स्थित निषाद बस्ती, शेरवा में सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें अकेला पाकर रतन पाल यादव पुत्र स्वर्गीय रामअचल यादव निवासी बूढ़नपुर (पांडेय का पूरा) और सूरज वर्मा पुत्र रमेश वर्मा निवासी ग्राम शेरवा थाना अतरौलिया अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंच गए। आरोप है कि चारों लोगों ने चेयरमैन को पकड़ लिया और उनसे दो लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि रकम नहीं देने पर किसी दिन उनकी हत्या कर दी जाएगी। इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज भी की। तहरीर में बताया गया है कि चेयरमैन मंशा राम ने जब शोर मचाया तो आसपास के लोग और उनके प्रतिनिधि गुडलक सिंह उनकी तरफ दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी कथित रूप से रुपये देने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। चेयरमैन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि नामजद आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घटना के बाद उन्होंने 31 अक्टूबर 2026 को अतरौलिया थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)