![]() |
| फोटो ai |
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
जांच में मानदेय भुगतान नहीं होने की हुई पुष्टि, जिलाधिकारी से बकाया भुगतान और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर विकासखंड में समूह सखियों को मानदेय के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं होने, आवश्यक लॉगिन आईडी-पासवर्ड उपलब्ध नहीं कराने और मानदेय से संबंधित पत्रावलियों को लंबित रखने का मामला सामने आया है। पीड़ित समूह सखियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। खास बात यह है कि मामले की विभागीय जांच में भी कुछ समूह सखियों का मानदेय भुगतान नहीं किए जाने की पुष्टि हुई है।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, रेखा, नीलम, बविता मौर्या, सावित्री मौर्या, मिथिलेश और गुंजन को जून 2025 से फरवरी 2026 तक का मानदेय नहीं मिला है। वहीं, कुछ समूह सखियों को कार्य करने के लिए जरूरी लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया। आरोप है कि सावित्री मौर्या, मिथिलेश और नीलम की मानदेय संबंधी पत्रावलियां भी ब्लॉक मिशन प्रबंधक स्तर से जमा नहीं की गईं, जिससे भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
समूह सखियों ने ब्लॉक मिशन प्रबंधक गोपाल गौतम और शिरीन फातिमा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जब वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय पहुंचीं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि गाली-गलौज करने के साथ ही पुलिस बुलाकर पिटवाने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि उनके पास बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
इस मामले में खंड विकास अधिकारी के कार्यालय आदेश दिनांक 22 सितंबर 2026 के क्रम में 28 सितंबर को सहायक विकास अधिकारी (आरडी) ने जांच की थी। जांच आख्या के अनुसार, संबंधित समूह सखियों का मानदेय नवसृजित प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ कर्नरी में प्राप्त हुआ था, लेकिन आरोप है कि गोपाल गौतम द्वारा संबंधित समूह सखियों को इसका भुगतान नहीं किया गया। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
समूह सखियों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, बकाया मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने, लॉगिन आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराने और लंबित पत्रावलियों का निस्तारण कराने की मांग की है। इसके साथ ही संबंधित ब्लॉक मिशन प्रबंधकों को हटाने तथा लगाए गए आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी फूलपुर फूलचंद सरोज ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

