गैंगस्टर एक्ट में वांछित दोनों अभियुक्ताएं पूजा-पाठ के बहाने आभूषण की करती थी ठगी
आजमगढ़। पूजा-पाठ कराने के बहाने महिलाओं को विश्वास में लेकर उनके आभूषण ठगने वाले गिरोह की दो सक्रिय सदस्यों को गम्भीरपुर पुलिस और एसओजी टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं गैंगस्टर एक्ट में वांछित थीं और उनकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2025 को गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरायपलटू निवासी रेखा कन्नौजिया के घर तीन अज्ञात महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने पूजा-पाठ कराने के बहाने रेखा को अपने विश्वास में लिया और उनके आभूषण अपने पास रखवा लिए। इसके बाद छलपूर्वक सभी आभूषण लेकर फरार हो गईं। पीड़िता की तहरीर पर 12 सितंबर 2025 को थाना गम्भीरपुर में मुकदमा संख्या 272/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान इस ठगी में शामिल महिलाओं की पहचान हुई और उनके कब्जे से ठगी के आभूषण एवं नकदी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरोह संगठित रूप से आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। इसके आधार पर 21 फरवरी 2026 को थाना गम्भीरपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 45/2026 दर्ज किया गया। इसी मुकदमे में वांछित चल रही दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने 7 सितंबर 2026 को 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में 7 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गम्भीरपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान बेचन बाबा मोड़, गम्भीरपुर से दोपहर करीब 12:45 बजे दोनों इनामिया महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान गरीबुन पत्नी आसिक (35 वर्ष) और मेहनाज पत्नी स्वर्गीय गुड्डू (45 वर्ष), निवासी ग्राम ब्राह्मणपुर झमका, थाना केराकत, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अभियुक्ताओं के विरुद्ध आजमगढ़ और जौनपुर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, ठगी एवं गैंगस्टर एक्ट सहित कुल छह अभियोग पंजीकृत हैं। इस संयुक्त कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गम्भीरपुर थाना पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की।

