शिक्षा निदेशालय ने भेजा पत्र, तत्कालीन कार्यालय में तैनात उमाकांत यादव को प्रकरण में दोषी मानते हुए कार्रवाई की संस्तुति
आजमगढ़। शिक्षा विभाग में पदोन्नति से जुड़े एक मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश प्रयागराज ने तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय आजमगढ़ में तैनात रहे आशुलिपिक उमाकांत यादव के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान में उमाकांत यादव जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय सोनभद्र में तैनात हैं। शिक्षा निदेशालय की ओर से 3 नवंबर 2026 को जारी पत्र में श्रीमती रेखा यादव, सहायक अध्यापिका, इंटरमीडिएट कॉलेज, निवासी कप्तानगंज, आजमगढ़ की नवीन जनशक्ति के स्वीकृत प्रवक्ता पद पर पदोन्नति तथा साकेत चतुर्वेदी की कथित नियम विरुद्ध पदोन्नति निरस्त किए जाने से जुड़े प्रकरण का उल्लेख किया गया है। पत्र के अनुसार, इस मामले में संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मंडल ने 22 अक्टूबर 2026 को भेजी गई अपनी रिपोर्ट में तत्कालीन आशुलिपिक उमाकांत यादव को दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति की थी। यह प्रकरण माननीय वित्तीय एवं प्रशासकीय विलंब समिति से भी संबंधित बताया गया है। इसी क्रम में अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) मनोज कुमार द्विवेदी ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निर्देशित किया है कि संयुक्त शिक्षा निदेशक की संस्तुति के आधार पर उमाकांत यादव के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और की गई कार्रवाई से शिक्षा निदेशालय को अवगत कराया जाए। इस पत्र की प्रतिलिपि संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मंडल, जिला विद्यालय निरीक्षक आजमगढ़ एवं सोनभद्र सहित संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। शिक्षा निदेशालय के इस निर्देश के बाद पदोन्नति प्रकरण में विभागीय कार्रवाई को लेकर हलचल तेज हो गई है।

