गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के हलुआडीह गांव में बुधवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष द्वारा बिना पुलिस को सूचना दिए शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच मायके पक्ष के भाई ने डायल 112 पर सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतका की पहचान तरवां थाना क्षेत्र के किसुनदासपुर गांव निवासी अगस्त त्रिपाठी की 28 वर्षीय बेटी मधु के रूप में हुई है। करीब छह वर्ष पहले उसकी शादी हलुआडीह गांव निवासी माता प्रसाद पांडेय से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। बताया गया कि माता प्रसाद पांडेय अपनी मां इंद्रावती के साथ सोमवार को पिंडदान के लिए गया गए थे। घर पर मधु अपने दो बच्चों और दो ननदों के साथ थी। बुधवार रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने शव के गले पर निशान देखे, जिसके बाद मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई। पत्नी की मौत की जानकारी मिलने पर माता प्रसाद अपनी मां के साथ घर लौटे और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसकी जानकारी मायके पक्ष को हुई तो मधु के भाई जुगनू त्रिपाठी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
