तेज आंधी व बारिश में गिरी थी जर्जर दीवार
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी के साथ जेसीबी से हटाया गया मलबा
रिपोर्ट : धीरू सिंह
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के अन्नतपुरा-गुरुटोला मोहल्ले में सोमवार को जर्जर दीवार गिरने से सभासद की बेटी की दबकर मौत हो गयी। वहीं एक अन्य बच्चा भी घायल हो गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गये थे।
अन्नतपुरा-गुरुटोला मुहल्ले के सभासद मो. अफजल की 6 वर्षीय बेटी अलीना व कुछ बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। लगभग 3:40 बजे तेज हवा व बारिश शुरू हो गया। इसी बीच मो. अफजल सभासद के घर के सामने स्थित जर्जर दीवार एकाएक धराशाही हो गया, जिसकी चपेट में उनकी बेटी अलीना आ गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे आनन-फानन में डाक्टर के यहां ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गयी। इस घटना में एक अन्य बच्चे को भी चोटें आई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और काफी संख्या में लोगो की भीड जुट गयी। सूचना मिलने पर मौके पर बदरका पुलिस के साथ ही तहसीलदार व कानूनगो भी पहुंच गये थे। जेसीबी बुलाकर मलबे को हटाया जा रहा था।

