जनता इंटर कॉलेज के पास हुआ हादसा, पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी स्थित जनता इंटर कॉलेज के पास शुक्रवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फूलपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे जनता इंटर कॉलेज अंबारी के पास सड़क से गुजर रहे एक अधेड़ व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए सीएचसी फूलपुर भिजवाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

