आजमगढ़ : महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मना नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव

Youth India Times
By -
0

नवदुर्गा स्तुति, डांडिया नृत्य और श्रीराम की भव्य झांकी ने मोहा मन

आजमगढ़। नवरात्रि एवं दशहरा के पावन अवसर पर महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल, सिधारी, आजमगढ़ में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवदुर्गा स्तुति, डांडिया नृत्य, भक्ति समूह गीत और भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकी ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवदुर्गा स्तुति से हुआ। इसके बाद विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य, प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा एवं एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य ने संयुक्त रूप से मां दुर्गा की आरती कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। कक्षा सातवीं की छात्राओं ने शानदार डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं, नर्सरी से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और भक्त हनुमान के स्वरूप में भव्य झांकी प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों के भक्ति समूह गीत ने भी सभी को भावविभोर कर दिया। विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि नवरात्रि और दशहरा केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि ये आत्मचिंतन कर जीवन में अच्छे गुणों को अपनाने की प्रेरणा देते हैं। नवरात्रि हमें शक्ति, संकल्प और अनुशासन का पाठ सिखाती है। विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अनुशासन और मेहनत सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि दशहरा हमें याद दिलाता है कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः जीत सत्य और अच्छाई की ही होती है। प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों से आलस्य, अनुशासनहीनता, झूठ और दूसरों का अनादर जैसी बुरी आदतों को छोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज हमें अपने भीतर की कमियों रूपी रावण का अंत करने का संकल्प लेना चाहिए। विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारी और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने सभी को नवरात्रि एवं दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार सुरक्षित और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, राहुल तिवारी, किशन यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)