बेटी की शादी के लिए जुटाए थे सोने-चांदी के आभूषण, दुर्गा पंडालों में दर्शन करने गया था परिवार; घर लौटने पर मचा हड़कंप
आजमगढ़। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर जहां लोग मां दुर्गा के दर्शन-पूजन में व्यस्त थे, वहीं चोरों ने मेंहनगर कस्बे के वार्ड नंबर 3 संत कबीर नगर स्थित एक सूने मकान को निशाना बना लिया। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, संत कबीर नगर निवासी सोनी चौहान पत्नी हरिबंश चौहान अपने परिजनों के साथ कस्बे के विभिन्न दुर्गा पंडालों में दर्शन करने गई थीं। घर में ताला बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर मकान के पीछे के रास्ते से पहुंचे और दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने सूटकेस का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण चोरी कर लिए। पीड़िता सोनी चौहान के मुताबिक, उन्होंने अपनी बेटी की आगामी शादी के लिए मार्च महीने से धीरे-धीरे जेवरात जुटाए थे। चोर एक मंगलसूत्र, कान का एक झाला, चार पायल, पांच बिछिया सहित सोने-चांदी के अन्य आभूषण चुरा ले गए। चोरी गए जेवरात की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। देर रात दर्शन-पूजन के बाद जब परिवार घर लौटा तो अंदर सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पीड़िता ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। घटना से क्षेत्र में चोरी की वारदात को लेकर चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

