आजमगढ़ : बस नंबर को लेकर विवाद के बाद बस मालिक और चालक पर हमला

Youth India Times
By -
0

रॉड और पंच से मारकर किया घायल; जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

कोतवाली पहुंचे अनमोल राय, पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
आजमगढ़। बस के नंबर और समय को लेकर हुए विवाद के बाद बस मालिक और उसके चालक पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित बस मालिक अनमोल राय की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है। घायल बस मालिक और चालक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। तहबरपुर थाना क्षेत्र के लखमनपुर पट्टी बादल राय निवासी अनमोल राय के अनुसार, उनकी बस संख्या यूपी 32 एसएन 6656 आजमगढ़ से लखनऊ तक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते चलती है। बस के नंबर और समय को लेकर 12 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:50 बजे लखनऊ के अहियामऊ चौराहे पर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हुआ था। इस दौरान उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में 13 अक्टूबर की रात करीब 11:15 बजे बवाली मोड़ के आगे गुलाब साड़ी सेंटर के पास शुभम कुमार, जैहिन्द, प्रवीण यादव, आकाश वर्मा और एक अन्य आकाश ने अनमोल राय और उनके चालक संतोष सिंह को घेर लिया। आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए रॉड, पंच और नारियल छीलने वाले औजार से दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित के मुताबिक, शोरगुल और 112 नंबर पर सूचना मिलने के बाद पुलिस के पहुंचने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद अनमोल राय और चालक संतोष सिंह को सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अनमोल राय ने 14 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि गंभीर चोटों के कारण वह रात में थाने नहीं जा सके थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की प्रक्रिया की है। मामले में आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)