आजमगढ़ : भारत विकास परिषद एलिट शाखा ने कराया कन्या पूजन, बच्चियों को बांटी कॉपी-पेंसिल और फल-मिठाई

Youth India Times
By -
0

नवरात्रि पर सीकरी चंद्र मंदिर में हुआ भव्य आयोजन, कन्याओं को भोजन कराकर लिया आशीर्वाद; महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर निभाई सहभागिता

आजमगढ़। नवरात्रि के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद एलिट शाखा की ओर से पुरानी सब्जी मंडी स्थित सीकरी चंद्र मंदिर में कन्या पूजन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान संस्था की महिला सदस्यों ने कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया तथा उन्हें कॉपी, पेंसिल, फल और मिठाई वितरित की। कार्यक्रम का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ बच्चों के प्रति स्नेह, सेवा और सामाजिक सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कन्याओं के पूजन और सेवा के बाद उपस्थित लोगों ने मां दुर्गा से सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। बच्चों के स्नेह और आशीर्वाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। महिला सहभागिता के अंतर्गत मनीला अग्रवाल एवं संस्कार प्रकल्प प्रमुख सुमन वरनवाल सहित संस्था की अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर मुक्ता, रेणु, पूजा, लतिका, डिंपल, योगिता, कविता, शिखा, अर्चना, ममता, मीरा, बिंदु सहित संस्था की अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। संस्था की ओर से कार्यक्रम में सहयोग करने वाली सभी महिला सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)