ट्रैक्टर से गिरने के बाद हुआ हादसा, दिव्यांग पिता के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रिपोर्ट : पद्माकर मिश्रा
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुडहर गांव में सोमवार सुबह खेत की जुताई के दौरान हुए हादसे में 13 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। गांव के ही ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत की जुताई कराने जा रहा बालक अचानक नीचे गिर पड़ा और पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल छा गया। मृतक की पहचान मुडहर गांव निवासी साकिब उर्फ प्रधान, पुत्र अमर उर्फ अमीर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10 बजे साकिब गांव के ट्रैक्टर चालक के साथ खेत की जुताई के लिए गया था। इसी दौरान वह अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस बीच परिजनों ने ट्रैक्टर बदले जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साकिब चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और उसकी तीन बहनें भी हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। उसके पिता दिव्यांग हैं और उसका एक भाई भी दिव्यांग है। ग्रामीणों के मुताबिक, कम उम्र में ही साकिब परिवार के खर्च में सहयोग करता था। बेटे की मौत के बाद मां आशिया और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। महज 13 वर्ष की उम्र में साकिब की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

