आजमगढ़ : होटल में कमरा देने से मना करने पर हंगामा, संचालक व स्टाफ से मारपीट

Youth India Times
By -
0
शराब के नशे में युवकों पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और होटल पर पथराव करने का आरोप
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के सरायमंदराज में होटल में कमरा देने से मना करने पर कुछ युवकों द्वारा हंगामा करने, संचालक व स्टाफ के साथ मारपीट और होटल पर पथराव करने का मामला सामने आया है। होटल संचालक की तहरीर पर पुलिस ने नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कटघर निवासी आनंद सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सरायमंदराज में रेड रोज नाम से होटल चलाते हैं। आरोप है कि चार अक्तूबर की रात करीब नौ बजे अंकित यादव उर्फ जोनी, पिंटू यादव, मगानू यादव और करीब आठ अज्ञात लोग होटल पर पहुंचे। उन्होंने चखना मांगने के साथ कमरा देने को कहा। तहरीर के मुताबिक, सभी लोगों ने अधिक शराब पी रखी थी। इसी कारण होटल संचालक ने कमरा देने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर उक्त लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और संचालक तथा होटल के अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। आनंद सोनकर का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने होटल पर पत्थर फेंके और जातिसूचक गाली देते हुए धमकी दी। घटना के बाद होटल संचालक ने पांच अक्तूबर को शहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)