शौच जाने की बात कहकर निकला था घर से
सुबह ग्रामीणों ने सिवान स्थित राजवाहा में उतराया देखा शव
मेहनगर (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के अतिबल पट्टी पुरवा निवासी 32 वर्षीय सूरज सरोज की नहर में डूबने से मौत हो गई। शनिवार सुबह नहर में शव मिलने की सूचना पर गांव में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि सूरज सरोज शुक्रवार रात शौच के लिए घर से दक्षिणी सिवान में रजवाहा-कम्हरिया नहर पुलिया की तरफ गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में उनका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह नहर में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिराज सरोज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।
सूरज तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पत्नी चंदा ने बताया कि शुक्रवार रात सूरज शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उनके दो पुत्र हैं, जिनकी उम्र क्रमश: आठ और पांच वर्ष है। सूरज के पिता रामायन सरोज रोजी-रोटी के सिलसिले में कलकत्ता गए हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए।
थाना प्रभारी अभिराज सरोज ने बताया कि शव को विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। पत्नी चंदा की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

