छह अक्टूबर तक चलेगी सीबीएसई नेशनल आर्चरी टूनार्मेंट, देशभर के विद्यालयों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
आजमगढ़। सरायमंदराज स्थित हरिशचंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल (एचएमपीएस), कार्तलपुर बाईपास में सीबीएसई नेशनल आर्चरी टूनार्मेंट-2026 का भव्य उद्घाटन गुरुवार को हुआ। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता एक से छह अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से विद्यालयों की टीमें और प्रतिभाशाली तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि लाइफ लाइन हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ. अनूप कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। तीरंदाजी एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास का खेल है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय को आयोजन की मेजबानी के लिए बधाई दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति रिछारिया ने देशभर से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता की मेजबानी विद्यालय के लिए गौरव का अवसर है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने अतिथियों और खिलाड़ियों का मन मोह लिया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने का अवसर देती हैं। समारोह में सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा, डॉ. मनीष त्रिपाठी, डॉ. रजनी त्रिपाठी, डॉ. अमीर आलम, डॉ. अहमद जमाल उस्मानी, डॉ. गायत्री, राजेंद्र प्रसाद यादव, सिराज अहमद, सरफराज आलम सहित विभिन्न खेलों से जुड़े पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ी अपनी तकनीक, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय की ओर से खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों के आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा और सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। देशभर से खिलाड़ियों के आजमगढ़ पहुंचने से जिले में खेल गतिविधियों को लेकर उत्साह का माहौल है।
