आजमगढ़ : एसकेडी लोटस वैली स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य व स्वच्छता का संदेश

Youth India Times
By -
0
विद्यार्थियों ने निकाली दांडी यात्रा की प्रस्तुति, नाटक, पेंटिंग और वाद-विवाद में दिखाया उत्साह
हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री का जीवन-विजय बहादुर सिंह, चेयरमैन
जहानागंज, आजमगढ़। एसकेडी ग्रुप आफ एजुकेशन के अंतर्गत एसकेडी लोटस वैली स्कूल, जहानागंज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा का संदेश देते हुए विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसकेडी ग्रुप आॅफ एजुकेशन के चेयरमैन विजय बहादुर सिंह द्वारा ध्वजारोहण एवं महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना मार्ग बनाकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जबकि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और उच्च विचारों के माध्यम से देश का नेतृत्व किया। उनका 'जय जवान, जय किसान' का संदेश आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है। इसी क्रम में एसकेडी विद्या मंदिर एवं एसकेडी इंटर कॉलेज में भी प्रधानाचार्य एवं श्रीकान्त सिंह द्वारा महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। साथ ही, वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत आस पास के गांव में लगाए गए पौधों एवं वृक्षों की साफ-सफाई तथा देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने दांडी यात्रा की प्रस्तुति के माध्यम से गांधी जी के सत्य एवं अहिंसा के विचारों को जीवंत किया। इसके अलावा नाटक, पेंटिंग एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने महापुरुषों के विचारों और उनके जीवन मूल्यों को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य दरक्षा खान सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में के.के. शरण, पी.एन. पांडे, नेहा, प्रियंका, अनीता, नम्रता, गीतांजलि, योगेन्द्र, रंजना, सूर्यप्रताप रमाकान्त सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों से परिचित कराने के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक करना रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)