गंभीर मरीजों के इलाज और आपरेशन की शिकायत पर करमैनी गांव पहुंची टीम, निरीक्षण में मिली अनियमितताएं
आजमगढ़। बिलरियागंज-रौनापार सीमा क्षेत्र के करमैनी गांव में बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे कथित अस्पताल के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। गंभीर मरीजों के उपचार और आपरेशन किए जाने की शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूर्वांचल अस्पताल का निरीक्षण किया। अनियमितताएं पाए जाने पर अस्पताल को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी कि करमैनी गांव में पूर्वांचल अस्पताल का संचालन बिना पंजीकरण किया जा रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि अस्पताल में निर्धारित चिकित्सकीय योग्यता वाले चिकित्सकों के माध्यम से गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज और आपरेशन किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल का स्वास्थ्य विभाग में पंजीकरण नहीं पाया गया। साथ ही अस्पताल का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं होना पाया गया। अनियमितताएं सामने आने के बाद उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन लाल की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूर्वांचल अस्पताल को तत्काल सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन लाल, वरिष्ठ सहायक चिकित्साधिकारी धीरेन्द्र शुक्ला और जिला अस्पताल के सहायक कंप्यूटर आॅपरेटर बृजेश सिंह शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता मिलने पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

