आजमगढ़ : औचक निरीक्षण में खुली स्कूलों की व्यवस्था की पोल, 12 शिक्षक मिले गायब

Youth India Times
By -
0


जीजीआईसी में वार्डेन व दो परिचारक अनुपस्थित, नलों की खराबी पर दिए सुधार के निर्देश

आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार ने बुधवार को जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों और छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में अव्यवस्था, साफ-सफाई की कमी और कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आई। डीआईओएस ने संबंधित प्रधानाचार्य और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय रामकृष्ण विद्यामंदिर इंटर कॉलेज, चांदपुर पटवध का दोपहर 1:15 बजे निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यालय में एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला। विद्यालय संचालन का निर्धारित समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक है, लेकिन निरीक्षण के दौरान विद्यालय के 12 अध्यापक छुट्टी होने से पहले ही विद्यालय से चले गए थे। इस पर डीआईओएस ने प्रधानाचार्य को भविष्य के लिए सचेत करते हुए कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण में विद्यालय के शौचालय बेहद गंदे मिले। विद्यालय भवन जर्जर होने के साथ ही छत पर पानी के रिसाव और सीलन की समस्या भी पाई गई। परिसर में जलभराव भी मिला। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य को छत की मरम्मत, साफ-सफाई और भवन की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही पठन-पाठन को गुणवत्तापूर्ण बनाने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार मिड-डे मील का भोजन गैस सिलेंडर पर तैयार कराने के निर्देश दिए। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बगवार का दोपहर 1:30 बजे निरीक्षण किया गया। उस समय विद्यालय की छुट्टी हो चुकी थी और तीन शिक्षक उपस्थित मिले। छात्र उपस्थिति पंजिका के अनुसार कक्षा नौ में 35, कक्षा 10 में 58, कक्षा 11 में 20 और कक्षा 12 में 20 छात्राएं उपस्थित थीं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का शौचालय बेहद गंदा मिला। इस पर क्लीनर को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई कराने और साफ-सफाई की फोटो भेजने के निर्देश दिए गए। इसके बाद डीआईओएस ने विद्यालय के छात्रावास का भी निरीक्षण किया। छात्रावास की वार्डेन बिनु सिंह मौके पर उपस्थित नहीं मिलीं। फोन पर वार्ता कर उन्हें छात्रावास की साफ-सफाई और छात्राओं को निर्धारित रोस्टर व मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में छात्रावास के सभी नलों से पानी टपकता मिला, जिसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। वहीं दो परिचारक मनीष और अरविंद कुमार भी अनुपस्थित मिले। इस पर वार्डेन को फटकार लगाते हुए छात्राओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की कड़ी चेतावनी दी गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)