आजमगढ़ : विदेश में रहकर फर्जी तरीके से लाइनमैन बनकर काम करने का आरोप

Youth India Times
By -
0



शिकायतकर्ता ने अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की
आजमगढ़। विद्युत उपकेंद्र पुष्पनगर में संविदा पर तैनात लाइनमैन की जगह दूसरे व्यक्ति द्वारा कथित रूप से काम करने और क्षेत्र में विद्युत संबंधी कार्यों के नाम पर धन वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता रामअधार पुत्र स्व. रामसकल निवासी सुधारपुर, पोस्ट फुलेश, थाना दीदारगंज, तहसील मार्टिनगंज ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विद्युत उपकेंद्र पुष्पनगर में सदरुद्दीनपुर निवासी गयास अहमद पुत्र अखलाख की वर्ष 2023 में संविदा पर लाइनमैन पद पर नियुक्ति हुई थी। आरोप है कि नियुक्ति के बाद से गयास अहमद पिछले करीब तीन वर्षों से विदेश में रह रहे हैं। इसके बावजूद उनकी जगह उनके भाई एजाज अहमद द्वारा कथित रूप से उनकी पहचान का इस्तेमाल कर विद्युत विभाग के क्षेत्रीय कार्य किए जा रहे हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि एजाज अहमद द्वारा क्षेत्र में विद्युत कनेक्शन, लाइन संबंधी कार्यों सहित अन्य विद्युत सेवाओं के नाम पर लोगों से धन की मांग और वसूली की जा रही है। शिकायतकर्ता ने इसे गंभीर मामला बताते हुए विभागीय अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। रामअधार ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जांच कर यह सत्यापित कराया जाए कि उपकेंद्र पुष्पनगर में लाइनमैन के रूप में वास्तव में कौन कार्य कर रहा है। साथ ही यदि फर्जी पहचान का इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)