आजमगढ़ : शराब के नशे में स्कूल पहुंचकर हंगामा व तोड़फोड़, शिक्षिकाओं-छात्राओं से अभद्रता का आरोप

Youth India Times
By -
0



विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पतिलागौसपुर प्राथमिक (कंपोजिट) विद्यालय में गांव के ही एक युवक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचकर हंगामा करने, तोड़फोड़ करने तथा शिक्षिकाओं और छात्राओं से अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय प्रकाश यादव ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दिए शिकायती पत्र में प्रधानाध्यापक ने बताया कि गांव का एक युवक आए दिन नशे की हालत में कुछ अराजक तत्वों के साथ विद्यालय में पहुंचकर हंगामा करता है। आरोप है कि हाल ही में युवक ने विद्यालय परिसर में लगी पानी की टोटी तोड़ दी तथा बिजली के तार भी नोच डाले। प्रधानाध्यापक के अनुसार आरोपी स्कूल के मुख्य गेट पर खड़ा होकर महिला शिक्षकों और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करता है। साथ ही उनकी जबरन फोटो और वीडियो बनाने का भी आरोप है। विरोध करने पर वह विद्यालय के स्टाफ को मारपीट की धमकी देता है। इससे विद्यालय में भय का माहौल बना हुआ है। प्रधानाध्यापक ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि विद्यालय में सुरक्षित वातावरण कायम रह सके। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रधानाध्यापक की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)