मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक दीनानाथ जी ने विद्यार्थियों से किया संवाद
अनुशासन, मोबाइल के संतुलित उपयोग, स्वस्थ खानपान और राष्ट्र सेवा के महत्व पर विस्तार से किया मार्गदर्शन
आजमगढ़। एसकेडी विद्या मंदिर, धनहुआं, आजमगढ़ में सोमवार को हिन्दी दिवस के अवसर पर "युवा संवाद" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक दीनानाथ जी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए जीवन में अनुशासन, मोबाइल के संतुलित उपयोग, स्वस्थ खानपान और राष्ट्र सेवा के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। दीनानाथ जी ने विद्यार्थियों से उनकी दैनिक दिनचर्या के विषय में चर्चा करते हुए अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि नियमित और सुव्यवस्थित दिनचर्या विद्यार्थी जीवन में सफलता की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने मोबाइल फोन के अत्यधिक एवं अनुचित उपयोग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। साथ ही शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए संतुलित और सात्विक खानपान को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर दिया। राष्ट्र सेवा के विषय पर विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, 'देश के लिए बलिदान देने वाले श्रेष्ठ होते हैं, परंतु उससे भी ज्यादा श्रेष्ठ जिंदा रहकर देश की सेवा करने वाले होते हैं।' उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान, चरित्र और कर्म के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी पूछे, जिनका दीनानाथ जी ने सहज और संतोषजनक ढंग से उत्तर दिया। संवादात्मक कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम विद्यालय के चेयरमैन विजय बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला प्रचारक रमाकांत जी, सह-विभाग कार्यवाह रवि सिंह जी, प्रधानाचार्य के. के. शरण जी, उप प्रधानाचार्य योगेश अस्थाना जी, व्यवस्थापक श्रीकांत जी सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

