आजमगढ़ : महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस

Youth India Times
By -
0


प्रबंधक डीपी मौर्य सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करने व प्रचार-प्रसार में योगदान देने का लिया संकल्प
आजमगढ़। सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके पश्चात कक्षा 11वीं की छात्रा ने हिंदी दिवस के अवसर पर अपने उत्कृष्ट भाषण से उपस्थित लोगों को प्रभावित किया और खूब तालियां बटोरीं। विद्यालय की हिंदी शिक्षिका पद्मजा पाल ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी के गौरव, उपयोगिता एवं समृद्ध विरासत से अवगत कराया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में हिंदी को देवनागरी लिपि में भारत की राजभाषा के रूप में अपनाया गया था। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को आपस में जोड़ने वाली भाषा है। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि हमें सबसे पहले अपने अंदर अनुशासन लाना चाहिए और स्वयं में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए। साथ ही हिंदी भाषा को उचित सम्मान और महत्व देना चाहिए। विद्यालय प्रबंधक डी.पी. मौर्य ने भी सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करने तथा इसके प्रचार-प्रसार में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य, कोआॅर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, राहुल तिवारी, किशन यादव, आरोही मोदनवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)