आजमगढ़ : पूजा-पाठ के बहाने आभूषण ठगने वाली ₹25 हजार की इनामिया महिला गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

गैंगस्टर एक्ट में चल रही थी वांछित; आजमगढ़-जौनपुर में ठगी व चोरी के पांच मुकदमे दर्ज

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना पुलिस ने पूजा-पाठ के बहाने घर में प्रवेश कर आभूषणों की ठगी करने वाले गिरोह की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रही अभियुक्ता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने सात सितंबर 2026 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने उसे सोमवार को आजमगढ़-मोहम्मदपुर दयालपुर मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2025 को गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सरायपलटू गांव में तीन अज्ञात महिलाओं ने पूजा-पाठ कराने के बहाने एक महिला के घर में प्रवेश किया था। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं ने आभूषण आदि लेकर ठगी की। मामले में 12 सितंबर 2025 को गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अभियुक्ताओं की पहचान होने पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई और आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया। विवेचना में सामने आया कि गिरफ्तार महिला जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुर झमका गांव की रहने वाली है और अपने साथियों के साथ आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए अपराध करती थी। इसके बाद गैंगचार्ट अनुमोदित होने पर गंभीरपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक अभियुक्ता के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर में ठगी व चोरी से संबंधित कुल पांच अभियोग दर्ज हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार दोपहर करीब 12:10 बजे उसे गिरफ्तार किया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल सन्नी पाण्डेय, महिला कांस्टेबल अनामिका मिश्रा, कांस्टेबल दुर्गेश राय और महिला कांस्टेबल स्वाती जायसवाल शामिल रहीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)