चार दोस्तों के साथ नहाने गया था 13 वर्षीय अंश, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ कस्बे में स्थित गोगा साव-भीखी साव पोखरी में गुरुवार की शाम नहाते समय 13 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार अजमतगढ़ कस्बे के गुरु गोविंद नगर निवासी कृपा यादव का 13 वर्षीय पुत्र अंश यादव जीयनपुर स्थित सेंट जेवियर्स विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। गुरुवार की शाम करीब पांच बजे वह अपने चार दोस्तों के साथ अजमतगढ़ कस्बे में स्थित गोगा साव-भीखी साव पोखरी में नहाने गया था। नहाते समय अंश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी प्रयास के बाद अंश को पोखरी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। अजमतगढ़ चौकी प्रभारी विनय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अंश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता कृपा शंकर यादव जीविकोपार्जन के लिए विदेश में रहकर नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां किरण यादव और बहन उन्नति यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद मोहल्ले में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

