आजमगढ़ : बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले चार अंतरजनपदीय शातिर गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

पुलिस ने चार चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, 5.50 लाख के जेवर व 14 हजार रुपये बरामद
तमंचा-कारतूस, टेंपो और दो मोटरसाइकिल भी मिलीं, अंबेडकरनगर में माल बेचने की थी तैयारी
आजमगढ़। बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार अंतरजनपदीय शातिर आरोपितों को पवई पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 5.50 लाख रुपये कीमत के 14 सोने और 22 चांदी के आभूषण, 14 हजार रुपये नकद, एक तमंचा व कारतूस, चोरी में प्रयुक्त हरे रंग का टेंपो और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपितों ने आजमगढ़ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव निवासी उमाशंकर अपनी पत्नी के साथ अंत्येष्टि में शामिल होने गए थे, जबकि उनके बच्चे स्कूल गए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, करीब 10 हजार रुपये नकद तथा जमीन संबंधी महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर लिए थे। मामले में पवई थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर घटना के अनावरण के लिए पवई पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। इसी क्रम में 18 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने अंबारी रोड पर बाघबहरा पुलिया से करीब 100 मीटर आगे घेराबंदी की। इस दौरान हरे रंग के टेंपो और दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान मोहम्मद अब्दुल्ला निवासी सठियांव, अम्बेश कुमार निवासी कुकुड़ीपुर सठियांव, आकाश कुमार निवासी गजाड़ा सठियांव और विकास सोनी निवासी सरायमीर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिनके मालिक या परिजन घर से बाहर गए हों अथवा मकान बंद हो। मौका मिलते ही ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर आभूषण और नकदी चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने 24 जुलाई को कोतवाली क्षेत्र के आराजीबाग ब्रह्मस्थान, चार अगस्त को रौनापार के सुदनीपुर, 26 अगस्त को अहरौला के पकड़ी और 12 सितंबर को पवई के नाटी में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि चोरी किए गए माल को अंबेडकरनगर में बेचने की योजना बनाई जा रही थी। गिरफ्तारी के समय भी आरोपित रेकी के उद्देश्य से घूम रहे थे। मोहम्मद अब्दुल्ला के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मोहम्मद अब्दुल्ला का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आ चुका है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)