मुंबई के फ्लैट की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अबुसईदपुर गांव में सोमवार को 33 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए डायल-112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी बरखू प्रजापति अपनी पत्नी के साथ मुंबई में रहकर एक कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि करीब नौ वर्ष पूर्व उनकी 33 वर्षीय बेटी रीमा प्रजापति की शादी गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अबुसईदपुर गांव निवासी तारकेश प्रजापति के साथ हुई थी। मृतका के पिता बरखू प्रजापति का आरोप है कि मुंबई में उनके दो फ्लैट हैं। ससुराल पक्ष के लोग आए दिन उनकी बेटी से फ्लैट की मांग करते थे और इसे लेकर उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता था। सोमवार को उनके दामाद तारकेश ने फोन कर रीमा की अचानक मौत होने की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार, सूचना मिलने पर जब वे अबुसईदपुर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोगों से मौत का कारण पूछा, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। आरोप है कि बीमारी की बात कहकर मौत का कारण बताया जा रहा था। इसके बाद मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



