पावर ट्रांसफार्मरों की जांच के साथ तेल टॉपअप और लूज कनेक्शन किए जा रहे दुरुस्त, बेहतर आपूर्ति देने की तैयारी
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
फूलपुर (आजमगढ़)। विद्युत विभाग की ओर से 15 सितंबर से अनुरक्षण माह की शुरुआत कर दी गई है। अभियान के तहत विद्युत उपकेंद्रों पर स्थापित विद्युत संयंत्रों और उपकरणों की जांच, मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य शुरू हो गया है। विभाग का उद्देश्य अनुरक्षण कार्यों के माध्यम से तकनीकी खराबियों को कम कर उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। अनुरक्षण अभियान के दौरान उपकेंद्रों पर लगे पावर ट्रांसफार्मरों की विशेष रूप से जांच की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार ट्रांसफार्मरों में तेल का टॉपअप भी कराया जा रहा है। इसके साथ ही विद्युत संयंत्रों में मौजूद लूज कनेक्शनों को टाइट करने तथा अन्य तकनीकी खामियों को दूर करने का काम किया जा रहा है। विभागीय कर्मियों द्वारा उपकेंद्रों से जुड़े विद्युत उपकरणों की स्थिति का व्यवस्थित निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी किसी उपकरण में खराबी या तकनीकी कमी सामने आ रही है, वहां आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि विद्युत संयंत्रों का समय-समय पर अनुरक्षण किए जाने से तकनीकी खराबी की आशंका कम होती है और आपूर्ति बाधित होने की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। अनुरक्षण माह के दौरान उपकेंद्रों एवं उनसे जुड़े उपकरणों की चरणबद्ध तरीके से जांच और आवश्यक रखरखाव किया जाएगा।



