संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर रहेगा जोर
रिपोर्ट : विशाल कुमार
आजमगढ़। बहुजन समाज पार्टी ने संगठन में बदलाव करते हुए बरईपुर गांव निवासी विजय कुमार को आजमगढ़ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की जानकारी मिलने के बाद बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद विजय कुमार के सामने जिले में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की चुनौती होगी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय कुमार ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती देने और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने की बात कही। विजय कुमार की नियुक्ति पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में आजमगढ़ में बसपा का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।









