अजमतगढ़ इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों का धरना

Youth India Times
By -
0







26 वर्षों से भौतिक व रसायन विज्ञान के नियमित शिक्षक नहीं होने का आरोप, गणित शिक्षक की भी कमी
आजमगढ़। अजमतगढ़ इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित विषय के शिक्षकों की कमी को लेकर सोमवार को छात्र-छात्राओं ने करीब दो घंटे तक विद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रदर्शन करते हुए संबंधित विषयों के नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में पिछले करीब 26 वर्षों से रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान के नियमित शिक्षक नहीं हैं। वहीं, पिछले कुछ वर्षों से गणित विषय के शिक्षक की भी कमी बनी हुई है। शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों को अपने भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। छात्रों ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि कुछ शिक्षक समय से विद्यालय नहीं आते और नियमित रूप से शिक्षण कार्य नहीं कराया जाता। विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि निजी शिक्षकों की व्यवस्था के नाम पर उनसे 50-50 रुपये लिए जा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि जब वे सरकारी विद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं तो निजी शिक्षकों के लिए अलग से शुल्क क्यों लिया जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों ने कहा कि अधिकांश छात्र गरीब परिवारों से आते हैं और उनके परिवार अतिरिक्त शुल्क देने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने संबंधित विषयों के नियमित शिक्षकों की नियुक्ति करने और विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)