तंत्र-मंत्र का झांसा देकर करते थे चोरी, चोरी के जेवर खरीदकर गलाने वाला सुनार भी पकड़ा गया
आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिलाओं को बेहोश कर घर से जेवरात व नगदी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी महिलाओं को झांसा देकर बेहोश कर चोरी करते थे, जबकि तीसरा आरोपी चोरी के जेवरात को सस्ते दामों में खरीदकर गलाने का काम करता था। पुलिस के अनुसार, जलंधरी निवासी गुड़िया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब चार माह पहले मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक चंदा मांगने के बहाने उसके घर पहुंचे थे। दोनों ने उसकी बेटी रोजी को झाड़-फूंक से ठीक करने का झांसा दिया। इसके बाद तंत्र-मंत्र और ताबीज के नाम पर परिवार को अपने विश्वास में लिया। अगले दिन दोनों आरोपी घर पहुंचे और झाड़-फूंक के नाम पर पानी में कुछ मिलाकर पिलाने तथा कोई पदार्थ सुंघाने के बाद गुड़िया, उसकी बेटी और बहन को बेहोश कर दिया। इसी दौरान घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली गई। इसी तरह बाज बहादुर निवासी रिजवान अहमद ने भी शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 मार्च 2026 को दो व्यक्ति झाड़-फूंक और चंदा मांगने के बहाने उसके घर आए थे। आरोपियों ने उसकी पत्नी को काले साये और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर भ्रमित किया और पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद घर से जेवरात चोरी कर लिए गए। दोनों मामलों में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 13 अगस्त की रात करीब 11:28 बजे कोट तिराहा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आजम (24), अब्दुल राजिक (29) और सूरज वर्मा (38) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक महिलाओं को झाड़-फूंक व तंत्र-मंत्र के नाम पर विश्वास में लेते थे। इसके बाद उन्हें बेहोशी की दवा पिलाकर या पदार्थ सुंघाकर घर से जेवरात व नगदी चोरी कर लेते थे। चोरी के जेवरात सूरज वर्मा सस्ते दामों में खरीदकर गलाकर आगे बेच देता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से दो मंगलसूत्र के लॉकेट, एक नाक की कील, 700 रुपये नकद, आठ सिक्के, मिट्टी का मटका, कांच की शीशी, करीब 150-200 ग्राम काली सरसों और तंत्र-मंत्र एवं झाड़-फूंक में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल पिन्टु यादव, रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक जायसवाल और रिजर्व कांस्टेबल गिरिजाशंकर शामिल रहे।





