स्लोवाकिया में होने वाली अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में करेंगे भारतीय टीम का मार्गदर्शन
आजमगढ़। 16 से 23 अगस्त 2026 तक वर्तिस्लावा, स्लोवाकिया (यूरोप) में आयोजित होने वाली अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए आजमगढ़ के प्रवीण कुमार यादव को भारतीय ग्रीको-रोमन कुश्ती टीम का कोच नियुक्त किया गया है। भारतीय कुश्ती संघ की ओर से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रवीण कुमार यादव आजमगढ़ शहर के मोहल्ला मूसेपुर, रेलवे स्टेशन के निकट के निवासी हैं। प्रवीण कुमार यादव इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कुश्ती टीम के प्रशिक्षक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वह वर्ष 2021 में हंगरी में आयोजित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप, 2022 में बुल्गारिया में हुई विश्व कुश्ती चैंपियनशिप तथा वर्ष 2025 में एथेंस में आयोजित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय टीम के प्रशिक्षक रह चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से आजमगढ़ के कुश्ती खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। जिले के खेलप्रेमियों और कुश्ती जगत से जुड़े लोगों ने प्रवीण कुमार यादव को बधाई देते हुए भारतीय टीम के बेहतर प्रदर्शन और देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतने की उम्मीद जताई। प्रवीण कुमार यादव की उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश कुमार उपाध्याय, आजमगढ़ कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष विजय शंकर यादव एवं आनंद देव उपाध्याय, शंभूनाथ यादव (पूर्व प्रमुख), जय प्रकाश यादव (उप क्रीड़ा अधिकारी), लालचंद यादव, ज्ञान शंकर पहलवान, राम अवध यादव, राधा मोहन गोयल, भईया लाल, बुझारत यादव, जोगेंद्र यादव, युगांत उपाध्याय, रामवृक्ष यादव, सत्यवान यादव एवं नवीन कुमार यादव सहित अन्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





