आजमगढ़ : 300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली वेदांता की भव्य तिरंगा यात्रा

Youth India Times
By -
0



भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर, छात्र-छात्राओं ने दिया राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश

आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को आजमगढ़ में देशभक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला। वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, लच्छीरामपुर की ओर से 300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और संस्थान के स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। तिरंगा यात्रा को वेदांता हॉस्पिटल के डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा राष्ट्र के प्रति हमारी भावना, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। जिस तरह लोग दीपावली और दशहरा उत्साह से मनाते हैं, उसी तरह हर घर में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए। वेदांता ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋत्विक जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यात्रा आयोजित की गई। इसका उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। तिरंगा यात्रा वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग, लच्छीरामपुर से शुरू होकर वेदांता हॉस्पिटल, लच्छीरामपुर, मुकेरीगंज, पहाड़पुर, तकिया चौक, मातबरगंज, पुरानी सब्जी मंडी, पांडेय बाजार और शिब्ली नेशनल कॉलेज होते हुए वापस वेदांता स्कूल परिसर पहुंची। यहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान 300 मीटर लंबे विशाल तिरंगे ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारे लगाए। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रीना पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक शशांक श्रीवास्तव, अविनाश सिंह, श्रुति कुशवाहा, हेमंत पांडेय, मनोज यादव, खुशबू मोदनवाल, आकांक्षा राव, सुधा मद्धेशिया, कृष्णकांत यादव, अश्विन यादव और विकास सिंह सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। 300 मीटर लंबे तिरंगे और देशभक्ति के नारों से सजी यह यात्रा स्वतंत्रता दिवस से पहले आजमगढ़ में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश देती नजर आई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)