आजमगढ़ : शराब की दुकान हटाने को लेकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन, लगाया जाम

Youth India Times
By -
0




मंदिर और विद्यालय के पास शराब की दुकान संचालित होने का आरोप

रिपोर्ट : पद्माकर पांडेय
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गंभीरपुर-संजरपुर मार्ग पर ग्राम सभा रीवा में शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे देसी शराब और ठंडी बीयर की कंपोजिट दुकान के विरोध में करीब 50 महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शराब की दुकान के सामने सड़क जाम कर विरोध जताते हुए दुकान को मंदिर और विद्यालय से दूर स्थानांतरित करने की मांग की। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि शराब की दुकान के पास ही मंदिर और विद्यालय स्थित हैं। शराब पीकर आने वाले लोगों के उत्पात के कारण महिलाओं तथा छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों के समीप शराब की दुकान होने से आए दिन असहज स्थिति पैदा होती है। बताया गया कि देसी शराब व ठंडी बीयर की कंपोजिट दुकान लुहसा मुबारकपुर नाम से आवंटित है, लेकिन इसका संचालन ग्राम सभा रीवा में उस स्थान पर हो रहा है, जहां चक चकदेणवानी, रीवा और लुहसा मुबारकपुर गांवों की सीमाएं मिलती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 1998 से अलग-अलग अनुज्ञापियों द्वारा एक ही मकान में शराब के ठेके का संचालन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना अध्यक्ष अमित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। करीब एक घंटे बाद महिलाओं ने सड़क जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सुचारु हो गया। ग्राम प्रधान रीवा जितेंद्र सिंह ने भी मंदिर और विद्यालय के पास से शराब की दुकान हटाकर किसी दूर स्थान पर संचालित किए जाने की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए हैं। प्रदर्शन में संजय यादव, अर्जुन सरोज, मीना, मंती, बबीता, अनीता, रीना, पिंकी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। थानाध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने बताया कि शराब का ठेका हटाने की मांग को लेकर कुछ महिलाएं एकत्र हुई थीं। सभी को समझाकर वापस भेज दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)