आजमगढ़ में 15 केंद्रों पर हुई परीक्षा, 6178 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी की लिखित परीक्षा रविवार को जिले में कड़ी निगरानी के बीच आयोजित की गई। परीक्षा के लिए बनाए गए 15 केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कुल 7008 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6178 ने परीक्षा दी, जबकि 830 अभ्यर्थी परीक्षा से गैरहाजिर रहे। परीक्षा के दौरान शिबली इंटर कॉलेज केंद्र पर चेकिंग के दौरान एक अभ्यर्थी के पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने से हड़कंप मच गया। जांच के दौरान उसके कान में ब्लूटूथ डिवाइस लगा पाया गया। संदिग्ध गतिविधि सामने आने के बाद केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने अभ्यर्थी की गहन तलाशी ली। डिवाइस बरामद होने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए अभ्यर्थी की पहचान आलोक पटेल के रूप में हुई है। मामले में उसके खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा के दौरान किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया जा रहा था और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच की गई। पुलिस बल के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे। शिबली इंटर कॉलेज की घटना को छोड़कर जिले के अन्य परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने की जानकारी अधिकारियों ने दी। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू की गई थी। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, पेजर, आईटी गैजेट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रोक थी। इसी व्यवस्था के तहत प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के कारण शहर में यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। रोडवेज को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे। वहीं आजमगढ़ रेलवे स्टेशन और प्रमुख बस अड्डों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।




