आज़मगढ़ : शौचालय में घुसकर युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप

Youth India Times
By -
0



विरोध करने पर बाल खींचकर पीटने और नाक की हड्डी तोड़ने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती ने दो सगे भाइयों पर शौचालय में घुसकर छेड़छाड़ करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 9 अगस्त की सुबह पीड़िता शौचालय गई थी। आरोप है कि वह दरवाजा बंद करने ही वाली थी, तभी स्वामीभक्त सिंह और शैलेष सिंह, पुत्र रमाशंकर सिंह, कथित तौर पर दरवाजा धक्का देकर अंदर घुस गए। पीड़िता ने दोनों पर छेड़छाड़ करने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि शोर मचाने पर आरोपी उसे शौचालय से बाहर खींचकर ले आए। उसकी मां के सामने भी उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि एक आरोपी ने उसके सीने पर पैर रख दिया, जबकि दूसरे ने उसके पैर पकड़ लिए। पीड़िता की मां ने पुलिस की मदद के लिए 112 नंबर पर सूचना देने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में युवती ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और नाक की हड्डी टूट गई। घायल अवस्था में उसे 108 एंबुलेंस से अतरौलिया अस्पताल ले जाया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले 26 जुलाई को भी उसके साथ छेड़छाड़ की गई थी, जिसकी शिकायत उसने थाने में की थी। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)